कमालपुर। धीना थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के समीप रविवार की सुबह ट्रैक्टर के धक्के से वृद्ध घायल हो गए। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के समक्ष आपसी समझौते से पंचायत नामा कर शव परिजनों को सौंप दिया। बभनियाव थाना गांव निवासी बेचई दुबे (70) सुबह कमालपुर बाजार से दाढ़ी बनवाकर घर लौट रहे थे। रास्ते में राष्ट्रीय इंटर कालेज के पास तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर ने उन्हें धक्का मार दिया। इससे वे चोटिल होकर गिर गए। ट्रैक्टर गांव के ही एक व्यक्ति का था जिसे समझौते में छोड़ दिया गया। वहीं घायल बेचई दुबे को परिजनों व ग्रामीणों ने निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उनकी मौत हो गयी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक का अंतिम संस्कार धानापुर में गंगा नदी किनारे स्थित नरौली घाट पर किया गया।