ताराजीवनपुर। अलीनगर थाना क्षेत्र के गंजख्वाजा गांव के पास हाईवे के किनारे जमीन के विवाद में वृद्ध ने मंगलवार को केरोसिन डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिवार के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर वृद्ध को आत्महत्या करने से रोका। पीडीडीयू नगर निवासी अनूप सिंह, विश्वास और सियाराम ने दो दशक पहले गंजख्वाजा मौजा में आठ बिस्वा जमीन खरीदी थी। इन दिनों अनूप सिंह अपनी जमीन की बाउंड्री करा रहे हैं। वहीं, सियाराम ने जमीन कम होने की शिकायत पुलिस और एसडीएम से की थी। मंगलवार को सुबह एसडीएम विराग पांडेय लेखपाल के साथ पहुंचकर मौका मुआयना किया और लौट गए। इसके बाद सियाराम केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास करने लगे। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत करा दिया। पीड़ित का आरोप है कि उसकी जमीन में जबरन चहारदीवारी बनाई जा रही है। उन्होंने आठ बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री कराई थी, लेकिन मौके पर सिर्फ सात बिस्वा जमीन बच रही है। इस संबंध में एसडीएम विराग पांडेय ने बताया कि सुबह मौका मुआयना किया गया था। आत्मदाह के प्रयास की जानकारी नहीं है। वहीं, लौंदा चौकी प्रभारी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद एक पक्ष चहारदीवारी बनवा रहा था। विवाद के बाद काम रोकवा दिया गया है।