चंदौली। सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह ने विधानसभा सत्र में जिले की कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा मुगलसराय, अलीनगर, चंदौली और सैयदराजा थाने की पुलिस पशु और शराब तस्करी में लिप्त है। इसमें बड़े अधिकारी भी शामिल हैं। कहा कि संगठित रूप से वसूली का खेल चल रहा है। विधायक ने सदन को अवगत कराया कि चंदौली तस्करी का ट्रांजिट बन गया है। कहा कि चंदौली से बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमाएं जुड़ती हैं। ऐसे में बड़े पैमाने पर शराब, गांजा और पशु तस्करी पुलिस की मिलीभगत से हो रही है। थानों के पुलिसकर्मी और अधिकारी वसूली करते हैं।
सकलडीहा विधायक ने सदन को अवगत कराया कि चंदौली में अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। थानों पर बैठे इंस्पेक्टर और दरोगा तक जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाते। उन्होंने सदन में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से टीम गठित गांजा, पशु और शराब तस्करी में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।