पीडीडीयू नगर। केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि अब यात्रियों की ट्रेन नहीं छूटेगी। पहले जाम में फंसने से काउंटर तक पहुंचने पर देरी होने पर ट्रेन छूट जाती थी लेकिन अब स्टेशन के दक्षिणी तरफ भी नया टिकट काउंटर और रिजर्वेशन भवन बन जाने से चंदौली के साथ-साथ मिर्जापुर और सोनभद्र तक के लोगों को टिकट लेने में सहूलियत होगी। केंद्रीय मंत्री बृहस्पतिवार को पीडीडीयू जंक्शन पर प्लेटफार्म टिकट लेकर आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर का लोकार्पण करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि आज से यह टिकट प्रणाली शुरू हो गई है। जाम के चलते पहले बहुत लोगों को टिकट खिड़की तक पहुंचने के बाद भी ट्रेन छूट जाती थी। इस नये टिकट काउंटर से अब यात्रा मंगलमय होगी। पीडीडीयू जंक्शन पर दक्षिण दिशा की ओर से आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी और उनके समय की बचत होगी। नये आरक्षण कार्यलय तक चकिया त्रिमुहानी के पास से रेलवे कॉलोनी होते हुए सड़क भी बेहतर है । टिकट लेकर यात्री मौजूदा फुट ओवरब्रिज से सीधे स्टेशन पर प्रवेश कर सकेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दस वर्ष पहले यह काम हो जाना चाहिए था पर किसी की दृष्टि नहीं गई। हम लगातार इसके लिए पत्राचार करते रहे, डीआरएम राजेश पांडेय ने सार्थक पहल की थी। कार्यक्रम में डीआरएम राजेश कुमार पांडेय, विधायक सुशील सिंह, विधायक रमेश जायसवाल, श्याम नारायण उर्फ विनित सिंह, अभिमन्यु सिंह, सुरेंद्र सिंह, शमसेर सिंह, छत्रबली सिंह, हरिवंश उपाध्याय, शिवशंकर पटेल, सूर्यमुनी तिवारी, अजीत पाठक, सुजीत जायसवाल, किरन शर्मा, सुषमा तिवारी, ज्योति जायसवाल, अजय सिंह प्रमुख, बब्बन चौहान, मृत्युंजय रहे। केेंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि नगर के मानसरोवर तालाब के सुंदरीकरण के लिए विधायक रमेश जायसवाल और मैने अपने निधि से 25 लाख रुपये देने की बात कही थी लेकिन डीआरएम राजेश पांडेय ने कहा कि आप लोग इस पैसे को विकास के कार्य में लगाइए। रेलवे तालाब का सुंदरीकरण कराएगा। वहीं आरपीएफ पोखरे का भी निर्माण कराया जाएगा। संवाद
सुभाष पार्क से चकिया तिराहे तक ओवरब्रिज का बनेगा प्रस्ताव
पीडीडीयू नगर। डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि पड़ाव से गोधना मोड़ तक सिक्स लेन सड़क का निर्माण चल रहा है। वहीं लोगों की परेशानी को देखते हुए सुभाष पार्क से चकिया तिराहे तक ओवरब्रिज का निर्माण का प्रस्ताव भी बनाया जा रहा है। वहीं चंदौली से सैदपुर, पड़ाव से टेंगरा मोड़ और पड़ाव से गोधना मोड़ तक की सड़क निर्माण के लिए 825 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास हो चुका है। हमारे अनुरोध को सीएम योगी ने सहर्ष स्वीकार किया। इसके लिए उनको बहुत बहुत धन्यवाद। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धान के कटोरा को सिचिंत करने वाले प्रमुख नारायणपुर पंप कैनाल की क्षमता बढ़ाई जा रही है। वहां मशीने लगाई जा रही हैं। जब वे चलेंगी तो नहरों के तटबंध टूट जाएंगे। इसके लिए सीएम से जिले के नहरों पक्की करने की मांग करेंगे।