पीडीडीयू नगर। राशन कार्ड बनवाने के नियम में शासन ने बदलाव किया है। अब राशन कार्ड आनलाइन बनाए जाएंगे। पुरानी प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। इससे आवेदनकर्ताओं को सरकारी दफ्तरों का चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। तीन विभागों का पेच भी नहीं फंसेगा और न ही किसी अधिकारी की बहानेबाजी चलेगी। आफलाइन की बजाय ईओ व बीडीओ को आनलाइन आवेदन पत्र भेजे जाएंगे। एक सप्ताह के अंदर उन्हें रिपोर्ट लगानी होगी। इसके बाद पूर्ति विभाग राशन कार्ड बनाने पर अंतिम मुहर लगाएगा। अपर मुख्य सचिव खाद्य व रसद वीना कुमारी मीना ने इस बाबत जिलाधिकारी व जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शासन ने व्यवस्था में बदलाव किया है। पहले ऑफलाइन आवेदन निकायों व ब्लाकों को भेजे जाते थे लेकिन अब ऑनलाइन भेजे जाएंगे। सात दिन के अंदर ही जांच की प्रक्रिया संबंधित अधिकारी पूरी करेंगे। इससे सभी को अवगत करा दिया गया है।