चंदौली। कार्यों में लापरवाही और नियमित टीकाकरण में कम प्रगति पर डीएम के आदेश पर सीएमओ ने तीन नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा प्रभारियों को नोटिस जारी किया है। बृहस्पतिवार को डीएम संजीव सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कायाकल्प योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर साफ-सफाई, चिकित्सकों की समय से उपस्थिति और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रहे। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में लापरवाही बरतने और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र महमूदपुर, पराहुपुर और चकिया के चिकित्सा प्रभारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश सीएमओ को दिए। जिसपर सीएमओ ने तीनों चिकित्साधिकारियों को नोटिस जारी कर दिया है। डीएम ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं का पहले तीन माह में पंजीकरण करके न्यूनतम चार जांच कराएं। अगर एचबीएनएल द्वारा क्षेत्र में भ्रमण नहीं किया जा रहा है तो चेतावनी दें। बैठक में सीएमओ, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी,जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रभारी चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।
टीबी रोगियों के भुगतान में लापरवाही पर चेतावनी
चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि जेएसवाई के लाभार्थियों को भुगतान समयबद्ध ढंग से करें। किसी के द्वारा भुगतान के नाम पर धनउगाही न हो, ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करें।टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में अपेक्षित कार्य नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम ने जिला क्षय रोग अधिकारी को नियमित टीबी मरीजों से हालचाल लेने को कहा। टीबी रोगियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजें जाने वाले भुगतान में लापरवाही पर सकलडीहा, नौगढ़, नियामताबाद, शहाबगंज को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। संवाद
चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालयों में अभियान चलाकर साफ-सफाई कराएं। चिकित्सालय या परिसर में जलजमाव के निस्तारण की व्यवस्था और घासफूस, झाड़ियों को साफ करा दें। संवाद
--------------
रिपोर्ट-राकेश यादव
संपादन-अमरेंद्र पांडेय