पीडीडीयू नगर। बिना कनेक्शन ही मैनाताली निवासी एक व्यक्ति के नाम से बिजली विभाग ने ढाई लाख रुपये के बिजली बिल बकाया होने की नोटिस भेज दिया है। नोटिस में लिखा गया है कि पांच नवंबर तक बिजली बिल जमा न करने पर संपत्ति कुर्क की जाएगी। विभाग की लापरवाही से आए दिन ऐसे कई लोग परेशान रहते हैं। भुक्तभोगी पवन तिवारी ने बताया कि वे और उनका परिवार वर्षों से चंदासी स्थित कॉलोनी में घर बनवाकर रह रहा है। इस घर में उनके नाम से बिजली का कनेक्शन है जिसके बिल का भुगतान वे नियमित करते रहे हैं। उनका पुश्तैनी मकान मैनाताली में है। वहां उनके नाम से कभी बिजली का कनेक्शन रहा ही नहीं है। इसके बाद भी बिजली विभाग ने मैनाताली स्थित उनके पुश्तैनी मकान के पते पर बिजली का करीब ढाई लाख रुपये के बकाया बिल का नोटिस भेज दिया है। साथ ही चेताया है कि बिल जमा न करने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि नोटिस मिलने के बाद से ही वे मानसिक अवसाद की स्थिति में चले गए हैं। बिना बिजली का उपभोग किए बिल जमा करने की नोटिस आ जाने से उनके परिजन भी काफी परेशान हैं। इस संबंध में विद्युत वितरण खंड-2, मुगलसराय के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जारी नोटिस की जांच कराई जाएगी। नोटिस यदि गलत हुई तो निरस्त करा दी जाएगी।