कंदवा। सावन के आठ दिन बीतने के बाद भी जिले में बारिश नहीं होने से पानी के लिए हाहाकार मच गया है। बांधों के साथ नदियां भी बेपानी हैं। कर्मनाशा नदी में पानी की पतली धारा बह रही है, नौ लिफ्ट कैनाल का संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे इलाके के करीब 10 हजार एकड़ खेतों की सिंचाई बाधित है। पानी के अभाव में धान की फसल सूखने लगी है, जिससे किसान परेशान हैं। बरहनी ब्लॉक के तटवर्ती गांवों में खेतों की सिंचाई कर्मनाशा नदी में लगे लिफ्ट कैनाल से होती है। नदी में पानी नहीं होने के कारण लिफ्ट कैनाल ठप हैं। इससे जहां बहुत से किसानों की धान की रोपाई बाधित है, वहीं सिंचाई के अभाव में फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। चारी, मुड्डा, चिरईगांव, अदसड़, धनाइतपुर, अरंगी, ककरैत, करौती और नौबतपुर गांव के किसानों की खेती कर्मनाशा नदी में लगे लिफ्ट कैनालों से होती है।वर्तमान में नदी में नाम मात्र पानी होने से लिफ्ट कैनाल नहीं चल पा रहे हैं। अगर कोई चल भी रहा है तो दस बीस मिनट से ज्यादा नहीं चल पा रहा है जिससे पानी किसानों के खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। जिन किसानों ने रोपाई कर दी है, उनकी फसल सूखने के कगार पर है। वहीं पानी के अभाव में कई किसानों की रोपाई ही नहीं हो सकी है। इसे लेकर किसान काफी परेशान हैं।