पीडीडीयू नगर। ट्रेनों में भीड़ की वजह से नवरात्र में शक्तिपीठों यात्रा करना लोगों के लिए कठिन साबित हो रहा है। जम्मूतवी, कामाख्या, मैहर, कन्या कुमारी जाने वाली ट्रेनें फुल हैं। पूरे नवरात्र ट्रेनों में 60 से अधिक वेटिंग चल रही है। नवरात्र में बड़ी संख्या में आस्थावान विंध्याचल, मैहर, मां कामाख्या और वैष्णो देवी के दर्शन-पूजन के लिए जाते हैं। वहीं, ट्रेनों में होली से पहले ही भारी भीड़ चल रही है, जो अभी तक कम होने का नाम नहीं ले रही। स्पेशल ट्रेनें चलने के बाद भी कोई राहत नहीं है। नवरात्र में शक्तिपीठों तक जाने वाली ट्रेनों में सीटें खाली नहीं है। जम्मू के लिए हिमगिरी, अर्चना, जम्मूतवी एक्सप्रेस में 20 अप्रैल तक जगह नहीं है। इसी तरह गुवाहाटी जाने वाली कामाख्या एक्सप्रेस, त्रिपुर सुंदरी एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल में भी सीटें फुल हैं। इसी तरह मैहर जाने वाली मुंबई मेल, जनता एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक, संघमित्रा एक्सप्रेस 25 अप्रैल तक सीटें खाली नहीं है।