पीडीडीयू नगर। जिले की छह ग्राम पंचायतों में नौ मई को मतदान होना है इसके लिए जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। 11 मई को ब्लाकों में मतगणना कराई जाएगी। प्रधान पद के प्रत्याशियों की मौत की वजह से यहां चुनाव स्थगित किया गया था। जिन गांवों में मतदान होने हैं इन ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों के नामांकन और प्रतीक चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सदर ब्लाक के हथियानी, सकलडीहा के सराय पकवान, चहनियां के खंडवारी, नियामताबाद के महाबलपुर व नौगढ़ ब्लाक की परसहुआं व शमशेरपुर ग्राम पंचायतों में नौ मई को वोट पडे़ंगे। इसके लिए 20 पोलिग पार्टियां नियुक्त की गई हैं। मतदान के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो बूथ बनाए जाएंगे। ऐसे में 12 पोलिंग पार्टियां बूथों पर भेजी जाएंगी। शेष आठ को रिजर्व में रखा जाएगा। एक दिन पहले आठ मई की शाम को पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंचेंगी। वहीं नौ मई की सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 11 मई को मतों की गिनती कराई जाएगी।