गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के गोपपुर गांव के पास शनिवार की देर रात पुलिस ने पिकअप से मरणासन्न हालत में नौ गोवंश बरामद किया। चालक समेत पांच के खिलाफ गोवध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी ओर आरएसएस कार्यकर्ता वाहन रोकने पर मारपीट करने और मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पहुंच गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। कोतवाली के उप निरीक्षक दिनेश कुमार और विनोद कुमार तिवारी के मुताबिक शनिवार की रात वे गश्त कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि गोपपुर गांव के पास कुछ लोग एक पिकअप पर गोवंश लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने पीछा किया तो वाहन लेकर चालक भागने लगा। कुछ दूर जाने पर पिकअप का एक पहिया कीचड़ में फंस गया। पिकअप पर बैठे चार लोग भाग गए जबकि चालक को दौड़ाकर पकड़ा गया। पिकअप की तलाशी की गई तो उसमें मरणासन्न हालत में नौ गोवंश बरामद किए गए। पुलिस ने गोविंद कुमार गुप्ता निवासी अली नगर चंदौली, सतीश कुमार निवासी मिर्जामुराद वाराणसी, मुनौव्वर निवासी अमवा माफी गोपीगंज, लतीफ चैनपुर भभुआ बिहार और वाहन स्वामी लीला देवी निवासी मुगलसराय चंदौली के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी ओर आरएसएस कार्यकर्ता शाश्वत सिंह और नगर सेवा प्रमुख हर्ष बरनवाल ने आरोप लगाया कि पिकअप को रोकने पर पशु तस्करों के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। तहरीर देने के बाद भी मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने कहा कि तस्करों पर मुकदमा दर्ज कर चालक को गिरफ्तार किया गया है। मारपीट के मामले में छानबीन की जा रही है।