पीडीडीयू नगर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक रूट रिले इंटरलॉकिंग सिस्टम (आरआरआई) बिछाने की शुरूआत शुक्रवार को हवन पूजन के साथ हुई। मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्य की शुरूआत की। नए आरआरआई से अतिव्यस्त रूट पर ट्रेनों का आवागमन और तेज गति से हो सकेगा। ट्रेनों को सुरक्षित और तेज गति से चलाने के लिए मंडल में लगातार पुराने आरआरआई को हटाकर अत्याधुनिक रूट रिले इंटरलाकिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। मंडल के बड़े स्टेशनों पर आरआरआई सिस्टम बदले जा चुके हैं। अब अति व्यस्त पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन पर आरआरआई बिछाने की शुरूआत की गई है। शुक्रवार की शाम रेलवे यार्ड में वेस्ट रिले केबिन हट के समीप वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डीआरएम राजेश कुमार पांडेय ने कार्य की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्नत एवं वृहद सिग्नल व्यवस्था के लिए लगभग 1400 रुट की क्षमता के साथ डीडीयू जंक्शन पर स्थापित किया जाने वाला नया सिस्टम भारतीय रेल का सबसे बड़ा रूट रिले इंटरलॉकिंग सिस्टम होगा। स्थानीय स्टेशन पर मौजूदा रूट रिले इंटरलॉकिंग सिस्टम 1996 में स्थापित किया गया था। नया सिस्टम स्थापित हो जाने पर भारतीय रेल के व्यस्ततम स्टेशनों में से एक पीडीडीयू जंक्शन होकर ट्रेनों का आवागमन और सुचारू होगा। इससे रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी और आवश्यकतानुसार और अधिक ट्रेनों का सुचारू परिचालन किया जा सकेगा। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार रोशन, अपर मंडल रेल प्रबंधक अतुल कुमार, उप मुख्य संकेत एवं दूरसंचार अभियंता (वर्क्स) मनीष कुमार, वरीय मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता बीके यादव, वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) एचसी यादव, वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सुधांशु रंजन रहे।