नियामताबाद। आलमपुर गांव के समीप जीटी रोड पर रविवार की सुबह ट्रक के धक्के से बाइक से जा रहे मां, बेटे और नानी की मौत हो गई। पीडीडीयू नगर के लखमीपुर निवासी युवक मौसी के घर हलुआ नरहन से मां और नानी को लेकर लौट रहा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
शंकर राम का पुत्र अनिल कुमार (20) अपनी मौसी के घर हलुआ नरहन गया था। वह मौसा के भाई की तेरहवीं में शामिल होने गया था। रविवार की सुबह वह अपनी मां सावित्री देवी (45) और नानी रमावती देवी (70) को बाइक पर बैठा कर पीडीडीयू नगर के लिए चला। राष्ट्रीय राजमार्ग से उतर कर जीटी रोड पर आलमपुर पुलिस पिकेट के पास पहुंचते ही चंदौली की ओर से आ रहे ट्रक ने पीछे से धक्का मार दिया।
मां और नानी सड़क पर गिर गईं और अनिल ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। अनिल और रमावती देवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सावित्री गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। जिला अस्पताल ले जाते समय सावित्री ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया और ट्रक चालक भाग नहीं सका। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। एडिशन एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि चालक पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।