कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासिनी रुचि सिंह (32) ने बृहस्पतिवार की रात साड़ी के फंदे पर झूलकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। रघुनाथपुर गांव निवासी प्रदीप सिंह की पत्नी रुचि सिंह बृहस्पतिवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। शुक्रवार की भोर में उसकी पुत्री पलक (13) व पुत्र शुभांशी (11) की नींद खुली तो कमरे में मां को साड़ी के फंदे से झूलता देख चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुन परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। इसके जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो रुचि को देख उनके भी होश उड़ गये। परिवार वालों ने उसे नीचे उतारा और जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश तिवारी चिकित्सालय पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी होने पर विवाहिता का भाई धानापुर निवासी राहुल सिंह और अन्य सदस्य कोतवाली पहुंच गये। परिवार वालों ने बताया रुचि की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। मृतका के ससुराल व मायके पक्ष के लोगों ने किसी प्रकार की कार्रवाई करने से इंकार करते हुए शव का पोस्टमार्टम न कराने की गुजारिश करते रहे। इसको लेकर पुलिस व ससुराल, मायके के लोगों के बीच पंचायत भी हुई। प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसी की ओर से भी कोई तहरीर नहीं दी गई है।