पीडीडीयू नगर। सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में आस्थावानों का रेला उमड़ पड़ा। 50 हजार से ज्यादा भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक और दर्शन-पूजन किया। जागेश्वरनाथ और कालेश्वरनाथ धाम में सुबह से भक्तों की कतारें लगी रहीं। सड़कों से मंदिरों तक कांवड़ियों की भीड़ दिखी और हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
काशी विश्वनाथ धाम से संबद्ध कालेश्वरनाथ में 20 हजार से ज्यादा भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने भी जलाभिषेक किया। यहां लगे मेले में लोगों ने खरीदारी भी की। सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहे। इसी तरह क्षेत्र के अन्य शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। शिकारगंज क्षेत्र के जागेश्वरनाथ धाम में देर शाम तक दर्शन पूजन का सिलसिला चलता रहा। यहां 15 हजार से ज्यादा भक्तों ने बाबा जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। महंत अनूप गिरी ने बताया कि सावन का अंतिम सोमवार और रक्षाबंधन का संयोग होने की वजह से आस्थावानों की दिन भर भीड़ लगी रही। इस दौरान कोतवाल अतुल प्रजापति पुलिसकर्मियों और पीएसी के जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में डटे रहे। इसी तरह चकिया मां काली मंदिर परिसर स्थित उदितेश्वर, दीपेश्वर, महीपेश्वर का भक्तों ने दर्शन पूजन किया।