राम अचल राजभर को माल्यार्पण करते कार्यकर्ता।
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर ने कहा कि चुनाव में घूमकर किसानों का कर्जा माफ करने का वादा करने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने विशेषाधिकार के तहत अब तक किसानों का कर्जा माफ क्यों नहीं किया। प्रधानमंत्री सिर्फ जुमलों के आधार पर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। लेकिन अब जनता झांसे में नहीं आने वाली है। प्रदेश में बसपा की स्पष्ट बहुमत की सरकार बनेगी। वे दुर्गा मैैदान में सैयदराजा के बसपा प्रत्याशी श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह और सकलडीहा से बसपा प्रत्याशी उपेंद्र सिंह के पक्ष में सभा को संबोधित कर रहे थे। सुुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी पर चुटकी लेते हुए राजभर ने कहा कि हेलीकाप्टर से घूमने के लिए ही सुभासपा के नेताओं ने खुद को भाजपा के सामने गिरवी रख दिया है। कहा, ओमप्रकाश राजभर मुख्यमंत्री की बातें करते हैं लेकिन 14 वर्ष में इन्हें एक सीट भी नहीं मिली है। भाजपा को झूठी पार्टी बताते हुए कहा कि उद्योगपतियों की हितैषी भाजपा चुनाव आते ही किसानों की बात करने लगी है। अपने तीन वर्ष के कार्यकाल का हिसाब देने की बजाए प्रधानमंत्री शमसान और कब्रिस्तान की बात कह रहे हैं। इस तरह देश को बांटने की कोशिश की जा रही है। इस मौके पर पूर्व विधायक सत्यनारायण जैसल, सुबेदार राजभर प्रेम सिंह, सुमित विक्की, अवधेश राजभर, त्रिभुवन प्रधान, प्रमोद शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता उपेन्द्र सिंह ने और संचालन रामराज राजभर ने किया।