फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: आईआरसीटीसी के बेस किचन में बदमाशों ने कर्मचारियों को पीटा, दूरंतो एक्सप्रेस का नाश्ता छूटा

विज्ञापन
पीडीडीयू नगर में मनबढ़ों द्वारा तोड़ा गया बेस ​किचन का शीशे का दरवाजा। स्रोत:-जागरूक पाठक
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। नगर के लॉठ नंबर दो स्थित जायसवाल स्कूल रोड पर संचालित एक होटल परिसर में सोमवार देर रात बदमाशों ने जमकर उत्पाद मचाया। आईआरसीटीसी के बेस किचन में घुसकर दबंगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की। इस हमले में पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हंगामे और मारपीट के कारण दूरंतो एक्सप्रेस ट्रेन में समय से नाश्ता नहीं भेजा जा सका। पूरा विवाद करीब आठ लाख रुपये के बकाया भुगतान को लेकर बताया जा रहा है। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक सोमवार देर रात बेस किचन में कर्मचारी ट्रेनों के लिए नाश्ता तैयार कर रहे थे। इसी बीच तीन युवक वहां पहुंचे और किचन मैनेजर के बारे में पूछताछ करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। हमलावरों ने खाना बनाने वाला लोहे का पलटा उठाकर कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया। इस घटना में विकास कुमार, नूर आलम, सन्नी, बंधन और पुनीत घायल हो गए। मारपीट के दौरान प्रतिष्ठान के शीशे और अन्य कीमती सामान भी टूट गए। घायल कर्मचारी विकास कुमार ने बताया कि हमलावरों ने काम रोकने की धमकी दी थी। उनका दावा था कि संबंधित कंपनी पर उनके करीब आठ लाख रुपये बकाया है। बदमाशों ने चेतावनी दी कि जब तक पूरा भुगतान नहीं होता, तब तक यहां कोई काम नहीं होने दिया जाएगा। इस हंगामे के चलते दुरंतो एक्सप्रेस का नाश्ता समय पर तैयार नहीं हो सका और ट्रेन बिना नाश्ते के ही रवाना हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और कस्बा चौकी प्रभारी विजय राज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और घायल कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। पीड़ित पक्ष की ओर से मुगलसराय कोतवाली में लिखित तहरीर दे दी गई है। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें