पीडीडीयू नगर। कामाख्या-गांधीधाम एक्सप्रेस से पीडीडीयू जंक्शन पर बृहस्पतिवार उतारे गए 51 नाबालिगों को देर रात मदरसों का लेटर पैड मिलने पर छोड़ दिया गया। ट्रेन से बाल श्रमिकों को ले जाने सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार को गांधीधाम एक्सप्रेस से चाइल्ड लाइन, आरपीएफ और जीआरपी ने 51 नाबालिकों को उतार लिया था। काउंसिलिंग करने पर उन्होंने बताया कि वे मदरसों में तालीम हासिल करने जा रहे हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि पीडीडीयू नगर के मौलाना गुलाम रसूल, मुफ्ती नियाज, मौलाना नसीम, जैद मोहिउद्दीन के प्रयास से सूरत के जामिया दुरूल फलाह समेत अन्य मदरसों नाबालिगों की लिस्ट और लेटर पैड मिला। उसमें बताया गया कि सारे नाबालिग वहां तालीम हासिल करते हैं। इसके बाद रात साढ़े दस बजे सभी नाबालिगों को उनके हवाले कर दिया गया।