कंदवा। सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को सुबह कोदई गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से 55 वर्षीय कन्हैया यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कंजेहरा गांव के रहने वाले कन्हैया यादव दूध का व्यवसाय करते थे। मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे वह कोदई से दूध लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। कोदई स्थित साधन सहकारी समिति के पास हाईवे पर जमानिया की तरफ से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी साइकिल में लटके दूध के बाल्टे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कन्हैया सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो मालिक और चालक ने इंसानियत दिखाते हुए घायल कन्हैया को तुरंत अपनी गाड़ी में लादा और जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कन्हैया की मौत की खबर मिलते ही पत्नी रमावती, बेटे शैलेश व प्रदीप सहित पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे दो बेटे और चार बेटियां छोड़ गए हैं। इनमें से दो बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटे और दो बेटियों की शादी होनी अभी बाकी है। इस मामले में कंदवा थानाध्यक्ष राजीव मल्ल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की ट्रॉमा सेंटर में मौत होने की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पीड़ित परिवार की तरफ से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।