पीडीडीयू नगर। नगर में व्याप्त समस्याओं का निदान नहीं होने पर वार्डों के जनप्रतिनिधियों को नगर पालिका अधिकारियों के खिलाफ धरना देना पड़ रहा है। वार्ड नंबर 17 ईस्टर्न बाजार में दूषित पेयजल की आपूर्ति व खराब सफाई व्यवस्था से क्षुब्ध होकर मंगलवार को सभासद अशोक जायसवाल क्षेत्रीय नागरिकों के साथ ईओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गये। मौके पर पहुुंचे चेयरमैन ने दोनों समस्याओं के जल्द निदान का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। तब जाकर सभासद ने धरना समाप्त किया।
नगर पालिका क्षेत्र में समस्याओं के अंबार लगा हुआ है। कहीं ठीक से साफ-सफाई नहीं हो रही है तो कहीं जर्जर सड़कों के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ नगर पालिका के अधिकारियों की बेरूखी से सभासदों में नाराजगी है। वार्ड नंबर 17 ईस्टर्न बाजार के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं बालू युक्त पानी आ रहा है तो कहीं पीला और काला पानी आ रहा है। सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं है। कई बार शिकायत के बाद भी काई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज मंगलवार को सभासद अशोक जायसवल वार्डवासियों के साथ नगर पालिका कार्यालय स्थित ईओ कार्यालय के गेट के बाहर धरने पर बैठ गये। सभासद के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही चेयरमैन संतोष खरवार मौके पर पहुंचे और उन्होंने सफाई विभाग व जलकल विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर समस्याओं का जल्द से जल्द निदान किये का निर्देश दिया। तब जाकर सभासद व वार्डवासियों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान दिलीप चौहान, सोमप्रकाश, संजय जायसवाल, शुभम केशरी, तिलक जायसवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।