इलिया। कस्बा के काली माता मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंदिर से महज दस मीटर की दूरी पर मांस बेचने वालों की दुकानें लगी हुई हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल के इतने करीब खुलेआम मांस बेचा जाना आस्था और स्वच्छता के खिलाफ है। मंदिर मार्ग पर ही अमृत सरोवर का निर्माण कराया गया है और आसपास सब्जी विक्रेता भी अपनी दुकानें लगाते हैं। जिससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को मंदिर जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिक राजेंद्र प्रसाद, छेदी सोनकर, रमेश कुमार, सुनील कुमार, बबलू ने आरोप लगाया कि मांस की दुकानों से निकलने वाला अपशिष्ट से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा है। लोगों ने प्रशासन से मंदिर मार्ग से मांस की दुकानों को हटाने और खुले में बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया कि मांस बेचने वाले दुकानदारों को कई बार चेतावनी दी गई है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।