प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम मन की बात में चंदौली के जेवलिन थ्रो खिलाड़ी शिवपाल सिंह का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बनारस के शिवपाल जी का पूरा परिवार ही इसी खेल से जुड़ा है। उनके पिता, चाचा और भाई सभी भाला फेंकने में एक्सपर्ट हैं। परिवार की यही परंपरा उनके लिए टोक्यो आलंपिक में काम आने वाली है।
बता दें कि शिवपाल सिंह (25) चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक के हिंगुतरगढ़ के निवासी हैं। 2020 में साउथ अफ्रीका में 85.47 मीटर भाला फेंकने के बाद शिवपाल का चयन टोक्यो ओलंपिक के लिए हुआ था। शिवपाल अभी पटियाला स्थित ट्रेनिंग सेंटर में पिछले एक सालों से प्रशिक्षणरत हैं। उनके पिता रामाश्रय सिंह भी भाला फेंकते थे। वे अभी उत्तर प्रदेश पुलिस में हैं।
शिवपाल के गुरू चाचा जगमोहन सिंह नेवी में जेवलिन थ्रो के कोच हैं। छोटा भाई नंदकिशोर सिंह भी जेवलिन थ्रो के नेशनल लेवल के खिलाड़ी हैं। 'मन की बात' में जिक्र होने के बाद अमर उजाला से बातचीत में शिवपाल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी ने जो कहा उसे सुनकर मुझे बहुत अच्छा लगा और इसके लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री जी को दिल से बहुत बहुत धन्यवाद देता हूं। मैं टोक्यो ओलंपिक में अपना बेस्ट प्रदर्शन करूंगा।