धरहरा में खेल मैदान के मिली जमीन का निरीक्षण करते अधिकारी। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
सकलडीहा। लखनऊ से आई टीम ने बुधवार को धरहरा गांव में ग्राम प्रधान की ओर से उपलब्ध कराई गई आठ एकड़ भूमि का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने बताया कि शीघ्र ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर यहां खेल एकेडमी व स्टेडियम का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व भाजपा नेता अमित सिंह के आग्रह पर सांसद व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के प्रयास से धरहरा गांव में खेल एकेडमी व स्टेडियम प्रस्तावित है। इसके लिए ग्राम प्रधान श्वेता सिंह ने आठ एकड़ जमीन उपलब्ध कराई हैं। बुधवार को लखनऊ से आई टीम ने जिला क्रीड़ा अधिकारी के साथ चयनित जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया।
टीम के अधिकारियों ने भूमि की जांच व अन्य औपचारिकताएं भी पूरी कीं। जिला क्रीड़ा अधिकारी करण ने बताया कि 25 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम व खेल एकेडमी का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम सभा की आठ एकड़ भूमि खेल विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। सभी कागजी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। जिला स्तरीय स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं मुहैया हो जाएंगी। इस मौके पर जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित पैक्स पैड जेई दीनानाथ यादव, लेखपाल चंद्रभूषण, विकास कुमार गुप्ता व सुभाष रहे।