पीडीडीयू नगर। सस्ती रसोई गैस उपलब्ध कराने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से चंदौली सहित पूर्वांवल के तीन जिलों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) से अब घरों के चूल्हे जलाने की तैयारी है। आठ साल में चंदौली समेत मिर्जापुर व सोनभद्र में पाइप लाइन बिछाकर घरों में गैस आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही 51 सीएनजी (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) स्टेशन भी स्थापित किये जाएंगे। गैस अथारिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) इस पूरी योजना पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च करेगा। तीनों जिलों में 165 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। तीनों जिलों में आठ साल में यानी वर्ष 2028 में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में चंदौली में काम पूरा होगा। इसके लिए सर्वे का काम भी शुरू हो चुका है। जनपद के सकलडीहा, पीडीडीयू नगर व पड़ाव के आठ हजार घरों में कनेक्शन देकर गैस आपूर्ति में आठ से 12 माह तक का समय लगेगा। तकरीबन 30 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाने के लिए जिले में सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिले में इसका काम अगले साल मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सबसे पहले चंदौली के सकलडीहा, पीडीडीयू नगर व पड़ाव तक लगभग आठ हजार घरों में कनेक्शन दिये जाने है। रसोईं में पाइप से गैस लाइन पहुंचाने के कार्य विभिन्न चरणों मे पूरा होगा। इसके लिए सबसे पहले मुख्य मार्ग तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद कम से कम दस फीट चौड़ी गलियों से इसे बिछाया जाएगा। ऐसे में दस फीट चौड़ी गलियों में पाइप से घरों तक गैस पहुंचने की संभावना है।