कड़ी धूप में गमछा से चेहरा ढककर चलती छात्राएं। संवाद
जिले में 15 अप्रैल से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान स्थिर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। बूंदाबादी से तापमान में गिरावट आएगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री था। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को जिले में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दोपहर में 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लू चली। सुबह 08 बजे ही तीखी धूप हुई। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हुई। चहनिया में पशु, पक्षी भी बूंद-बूंद पानी और छाया के लिए तरस रहे हैं। शनिवार की दोपहर गुरेरा रामगढ़ रोड़ पर एक नीलगाय प्यास से व्याकुल होकर बीच पर ही तड़पने लगा। ग्रामीणों ने उसे पानी पिलाकर पेड़ के छांव के नीचे लेटा दिया। जिला संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. आरबी सिंह ने कहा कि गर्मी और लू से बचने के लिए नींबू, पानी, छाछ दही आदि तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। दोपहर 12 से 3 बजे तक आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकलना चाहिए। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनना चाहिए। तरबूज, खरबूजा पपीता आदि फलों का सेवन करना चाहिए। अतुल कुमार, मौसम विज्ञानी ने बताया कि जिले में 27 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। बूंदाबादी से तापमान में गिरावट आएगी। इसके पहले अधिकतम तापमान 45 डिग्री पहुंचने की संभावना है। तापमान बढ़ने के कारण बिजली की खपत बढ़ गई है। बिजली उपकेंद्र के स्वीच यार्ड में लगा ट्रांसफार्मर हीट हो जा रहा है। शुक्रवार को एक्सईएन नरेश कुमार ने निरीक्षण के दौरान स्वीच यार्ड में लगाए गए दस- दस एमवीए के दो ट्रांसफाॅर्मर हीट मिले। उन्होंने कर्मचारियों से पानी डलवाकर ट्रांसफॉर्मर को ठंडा कराया। इस दौरान एसडीओ सियाराम यादव,जेई मनीष कुमार,आशीष कुमार, जितेंद्र कुमार, रामदेव सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।नेत्र रोग विभाग में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। शनिवार को 70 मरीजों ने आंखों की जांच कराई। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि इन दिनों गर्मी और धूप के कारण आंखों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं और मरीजों का नियमित इलाज किया जा रहा है। अस्पताल में कुल 85 मरीजों का एक्स-रे भी किया गया, जबकि हड्डी रोग, मेडिकल और अन्य विभागों के चिकित्सकों ने भी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं उपलब्ध कराईं। शनिवार को अस्पताल की ओपीडी में कुल 464 मरीजों का इलाज किया गया।