कंदवा के अमड़ा विद्युत उपकेंद्र में तकनीकी गड़बड़ी ठीक करते मैकेनिक। संवाद
कंदवा (चंदौली)। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के राइस मिल फीडर में छिपकली के घुसने से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण सोमवार की सुबह करीब 9:30 बजे जेवरी, धीना, डेढ़गांवा, बरहनी और विश्व बैंक फीडर से जुड़े लगभग 60 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली कटौती से उमसभरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे बाद पहुंचे बिजली मेकेनिकों ने खराबी दूर कर दिन के 12:30 बजे आपूर्ति बहाल कर दी लेकिन इसके कुछ बाद जमानिया से आने वाली मुख्य विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के राइस मिल फीडर में छिपकली घुसने से तेज आवाज के साथ हुए ब्लास्ट के कारण इनकमिंग फीडर दो से संचालित जेवरी, धीना, डेढ़गांवा, बरहनी और विश्व बैंक फीडर से संबंधित गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही। बिजली न रहने से किसानों के धान की नर्सरी की तैयारी व खेती-किसानी भी प्रभावित हुई।