रेलवे सुरक्षा बल मानस नगर पोस्ट के जवानों ने मालगाड़ी से शराब तस्करी का खुलासा किया। चंदौली और सैयदराजा स्टेशन के बीच में मालगाड़ी से तस्करी कर ले जा रहे 10 बोरी शराब बरामद किया। इस दौरान दो तस्कर गिरफ्तार हुए। आरपीएफ आगे की कार्रवाई में जुटी है।
आरपीएफ मानस नगर पोस्ट के एसआई राजेश चंद को सूचना मिली कि मालगाड़ी से शराब तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर एस आई अपनी टीम के साथ शुक्रवार की रात सवा 11 बजे चंदौली से आगे चले थे। एलसी गेट नंबर 75 के पास मालगाड़ी रुकी दिखी। गाड़ी को दोनो तरफ़ से घेरकर दो तस्करों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछने पर दोनों ने क्रमशः बब्बन कुमार सिंह निवासी किरपा बिगहा, थाना-फेसर, जिला-औरंगाबाद और प्रमोद चौधरी, निवासी बारुन, थाना-बारून, जिला -औरंगाबाद (बिहार) बताया। दोनों को पकड़ा गया। वहीं रेलवे लाइन के किनारे तस्करी के लिए रखे कुल 10 बोरी शराब को बरामद कर लिया। बोरे में 34 पैकेट में 1530 टेट्रा पैक देसी शराब, 48 बोतल बियर बरामद हुआ। बरामद शराब का वजन 330 लीटर मिला। शराब का मूल्य 1.13लाख 340 रुपए है।