शिकारगंज। क्षेत्र के भंगड़ा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर जर्जर विद्युत तार गिरने से किसान हफीजुल्ला शाह की पांच बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर घंटों बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन अग्निशमन दस्ते के समय से न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश रहा। हिनौती दक्षिणी ग्राम पंचायत के राजस्व गांव भंगड़ा में बृहस्पतिवार की दोपहर बिजली का तार गिरने से हफीजुल्ला शाह के खेत में खड़ी गेहूं की फसल धू-धू कर जलने लगी। यह देख ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और अग्निशमन दल को सूचना दी। इसके साथ ही ग्रामीण आग बुझाने में जुट गये। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया तब तक किसान का पांच बीघा गेहूं जलकर राख हो चुका था। आग बूझ जाने के बाद भी अग्निशमन दस्ता मौके पर नहीं पहुंचा। जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना था कि जर्जर तार को बदलने के लिए कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गयी थी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। निवर्तमान ग्राम प्रधान हरिशंकर ने तहसील प्रशासन से किसानों को आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।