पीडीडीयू नगर। भारतीय समाचार विक्रेता संघ के पदाधिकारी क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित पत्रक सोमवार को ईओ को देने नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। अधिकारी के कार्यालय में नहीं मिलने पर संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रक को उनके कक्ष के बाहर चस्पा कर दिया और उसकी एक प्रति रिसीविंग विभाग को सौंपी। संगठन के प्रदेश महामंत्री भागवत नारायण चौरसिया ने कहा कि नगर स्थित अखबार पत्र वितरक सेंटर के ठीक सामने रेलवे वीआईपी गेट नंबर दो के पास लगी हाईमास्ट लाइट पिछले छह माह से खराब पड़ी है। रोशनी के अभाव में हर रोज भोर में तीन बजे अखबार वितरण का कार्य प्रभावित होता है और कठिनाई का सामना करना पड़ता है। बताया कि समाचार पत्र वितरक मोबाइल की रोशनी में कार्य करने को विवश है। वहीं अंधेरे के कारण वितरकों की साइकिल भी चोरी हो जा रही है। आरोप लगाया कि यात्रियों को भी आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा नगर की कई हाईमास्ट लाइट खराब पड़ी है। चेताया कि दो दिनों के भीतर लाइट की व्यवस्था दुरूस्त नहीं हुई तो संगठन के सदस्य आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान कमलेशविश्वकर्मा, धर्मेंद्र कुशवाहा, कुलवंत विश्वकर्मा, बच्चन राम आदि मौजूद रहे।