सकलडीहा। तहसील और ब्लॉक रोड के चौड़ीकरण की कवायद तेज हो गई है। तहसील रोड का चौड़ीकरण पहले ही कराया जा चुका है, जबकि ब्लॉक रोड पर बिजली के खंभे और हाईटेंशन तार सड़क निर्माण में बाधा बने हुए हैं। बृहस्पतिवार को पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खंभों की शिफ्टिंग के लिए जमीन चिह्नित की। ब्लॉक रोड के चौड़ीकरण को लेकर पीडब्ल्यूडी की ओर से बिजली निगम को खंभे और तार हटाने के लिए करीब 12 लाख रुपये उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक बिजली के खंभे और तार नहीं हटाए गए हैं, जिससे सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रभावित हो रहा है। बृहस्पतिवार को पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने खंभों की शिफ्टिंग के लिए खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह से सहयोग मांगा। इस पर बीडीओ ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता (एई) आलोक सिंह ने बताया कि लटकते तार और बिजली के खंभों के कारण सड़क निर्माण कार्य में दिक्कत आ रही है। मौके पर बीडीओ विजय कुमार सिंह, जेई सुदामा यादव, एडीओ अनिल सिंह, जेई विनोद मिश्रा, पन्ना राय और ओमप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।