धीना।
बरहनी विकासखंड के घोषवा स्थित ड्रेन नंबर-2 की लंबे समय से सफाई न होने के कारण क्षेत्र के लगभग 50 गांवों में खेतों की जल निकासी प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि ड्रेन में पानी भरने की समस्या से खेती पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। किसान नेता दरोगा राय ने बताया कि पिछले साल नवंबर में ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर जेसीबी मशीन से ड्रेन की आंशिक सफाई कराई थी, जिससे कुछ समय के लिए जल निकासी सुचारू हुई। बंधी डिवीजन ने सितंबर में लगभग 7 किलोमीटर ड्रेन की सफाई के लिए 14 लाख 27 हजार रुपये स्वीकृत किए थे, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि एक्सईएन ने मार्च तक सफाई कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। इसके कारण डैना, भैंसा कला, भैंसउर, गोरखा, इमलिया, मुलकपुवा, भरहुलिया, चिल्हारी, कपसिया, दिग्घी, घोषवा, केतहनी और बाकरपुर सहित कई गांवों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण सत्येंद्र राय, मनीष, छोटू, उपाध्यक्ष मोहन, रिंकू यादव, कुंवर राय, बबलू उपाध्याय और पिंटू उपाध्याय ने विभाग से तुरंत ड्रेन की सफाई कराने की मांग की है। बंधी डिवीजन के एक्सईएन सुरेश आजाद ने बताया कि किसानों की मांग पर ड्रेन की सफाई मई से शुरू कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी ड्रेन में पानी भरा हुआ है, इसलिए सफाई कार्य में असुविधा आ सकती है।