नियामताबाद। मुगलसराय कोतवाली के रामनगर औद्योगिक नगर इलाके में स्थित आयरन फैक्टरी में मंगलवार की सुबह डंपर की चपेट में आने से तारापुर गांव निवासी मजदूर रामदुलारे यादव (60) की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वृद्ध की मौत से परिवार वालों में कोहराम मच गया।
अलीनगर थाना के तारापुर गांव निवासी रामदुलारे यादव पिछले 22 वर्षों से रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक आयरन फैक्टरी में काम करते थे। रामदुलार सोमवार की शाम घर से फैक्टरी पहुंचे थे। नाइट ड्यूटी के बाद वे सुबह घर आने की तैयारी कर रहे थे। इसके पूर्व फैक्टरी में निकल रहे डंपर को बैक कराने लगे। इसी बीच रामदुलार डंपर की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद मजदूरों ने डंपर को रोका लेकिन डंपर से कुचल कर मौके पर ही रामदुलार की मौत हो गई। मजदूरों ने इसकी सूचना फैक्टरी मालिक और पुलिस को दी। वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने मजदूरों के साथ बीस लाख रुपये मुआवजा की मांग को लेकर हो हल्ला शुरू कर दिया। मजदूर सभा के नेता चंद्रभानु यादव के नेतृत्व में एक घंटे तक पंचायत के बाद फैक्टरी संचालक ने सात लाख रुपये सहायता राशि दी। इसके बाद मामला शांत हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मजदूर की मौत की सूचना पर परिवार वालों में कोहराम मच गया। पत्नी कांता देवी, पुत्र चंदन, पुत्री गायत्री और साधना का रो रोकर हाल बेहाल हो गया। इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दुर्घटना में मजदूर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इनसेट-
ई रिक्शा पलटने से तीन जख्मी
इलिया। चकिया कोतवाली के बेलावर गांव के समीप मंगलवार की सुबह 11 बजे ढलान से उतरते समय ई रिक्शा पलट गया। इस घटना में रिक्शा पर सवार एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस द्वारा चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया जहां उनका इलाज चल रहा है। धन्नीपुर गांव से ई रिक्शा पर बैठकर रमायन बनवासी (45), गीता देवी (40) और अमरजीत (23) सैदूपुर की तरफ आ रहे थे। इसी बीच बेलावर गांव की पहाड़ी से नीचे उतरते वक्त ई रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। इससे रिक्शा पर सवार तीनों जख्मी हो गए। संवाद