पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील अंतर्गत कोरी गांव में तालाब से मानक के विपरीत मिट्टी खुदाई की शिकायत पर शुक्रवार को कानूनगो जयप्रकाश सिंह और लेखपाल पवन कुमार ने तालाब का सीमांकन किया। इस दौरान संबंधित ठेकेदार को मानक के अनुरूप काम करने का निर्देश दिया। सकलडीहा ब्लाक अंतर्गत कोरी गांव के महरो मौजा में फ्रेट कॉरिडोर परियोजना के लिए मानक के विपरीत मिट्टी खुदाई किए जाने से नाराज होकर गांव के लोगों ने बृहस्पतिवार को काम रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत के कारण महरो मौजा में आठ एकड़ में फैले जलाशय से मानक के विपरीत मिट्टी की खुदाई की जा रही है। शासन के मानक में चार मीटर तक ही अधिकतम खुदाई करनी है, लेकिन आठ मीटर गहरा खुदाई तक किया जा रहा है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को उमाशंकर यादव के नेतृत्व में काम रुकवा कर हंगामा किया था। इसको संज्ञान में लेते हुए तहसीलदार के निर्देश पर शुक्रवार को मौके पर पहुंचे कानूनगो व लेखपाल ने तालाब का सीमांकन किया। इस मौके पर रघुनाथ सिंह, किसान नेता केदार यादव, दिनेश सिंह, अशोक सिंह, टुनटुन, रवि शंकर यादव, संजय सिंह, महेंद्र कुमार, लक्ष्मण यादव, राजकुमार राम रहे।