पीडीडीयू नगर स्थित सपा कार्यालय में कांशीराम की जयंती मनाते पूर्व सांसद रामकिशुन व अन्य। संवाद
नगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में डीएस-4 के संस्थापक कांशीराम की जयंती केक काटकर मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दाैरान पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि कांशीराम का जीवन संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने दलित, शोषित और पिछड़े समाज के उत्थान के लिए जीवन भर संघर्ष किया। विषम परिस्थितियों में उन्होंने डीएस-4 की स्थापना कर समाज में जनजागरण का कार्य किया और लोगों को वोट के अधिकार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि 1993 में कांशीराम ने साइकिल से गांव-गांव और शहर-शहर जाकर जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि कांशीराम की विचारधारा को अपनाकर ही सांप्रदायिक शक्तियों को सत्ता से दूर रखा जा सकता है। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबूलाल ने कहा कि कांशीराम की नीतियों पर चलकर समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। इस दाैरान प्रेमनाथ तिवारी, तेजबली यादव, मुलायम यादव, धर्मानंद, डॉ. किशन यादव, घनश्याम, लखेंद्र बियार मौजूद रहे।