धानापुर थाना कांड के नायक स्वतंत्रता सेनानी कामता प्रसाद विद्यार्थी की पुण्यतिथि मनाते शिक्षक।
शहीदगांव स्थित अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार को धानापुर थाना कांड के नायक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.कामता प्रसाद विद्यार्थी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों, छात्र-छात्राओं व क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विद्यालय के प्रतिभावान पूर्व छात्रों को सम्मानित भी किया गया। नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले भदाहू निवासी अमित मौर्या व सहायक जिला कृषि अधिकारी के पद पर चयनित चंद्रजीत यादव को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय के संरक्षक डॉ. आनंद विद्यार्थी ने कहा कि शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर युवाओं में देशप्रेम, निस्वार्थ सेवा एवं समाज कल्याण की भावना विकसित होनी चाहिए। इस मौके पर प्रबंधक आशीष विद्यार्थी, प्रधानाचार्य मोती राम, संतोष यादव, प्रखर आनंद, अमरेंद्र सिंह, लाल बिहारी, राम प्रकाश पांडेय आदि रहे।