बृहस्पतिवार की रात चोरों ने सुशील राय के घर से नकदी सहित डेढ़ लाख रुपये मूल्य के गहने चुरा लिए। आधी रात के बाद चोरी की जानकारी होने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शुक्रवार की सुबह पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। चोरी की बड़ी घटना से इलाके में दहशत है।
खेती किसानी कर परिवार को पालन पोषण करने वाले सुशील राय बृहस्पतिवार की रात खाना खाकर परिवार संग कमरे में जाकर सो गए। आधी रात के बाद खटर पटर की आवाज पर नींद खुुली और कमरे से बाहर निकले तो जिस कमरे में आलमारी थी, उसका दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली थी और उसमें से सोने चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे। यह देख कर सुशील के होश उड़ गए। उसने इसकी सूचना धरौली पुलिस चौकी को दी। शुक्रवार की सुबह पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। सुशील राय ने बताया कि चोर घर के पीछे से छत पर चढ़ गए और सीढ़ियों से नीचे उतर कर चोरी की है। चोरों ने लगभग डेढ़ लाख रुपये के नकदी और आभूषण चुराए हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष शेषधर पांडेय ने बताया कि चोरी की सूचना पर धरौली चौकी इंचार्ज राजेश सिंह मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। चोरी का मामला संदिग्ध लग रहा है।
हालांकि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
-------------------------------
रिपोर्ट -महताब खां राजू
संपादन- कृष्ण मुरारी मिश्र