पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र के ताराजीवनपुर स्थित दुकान में आभूषण व्यवसायी सोनू पटेल (30) ने मंगलवार को फंदे पर लटककर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, युवा व्यवसायी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र हनुमानपुर निवासी सोनू पटेल की ताराजीवनपुर में आभूषण की दुकान है। सोनू की शादी जीवधीपुर में सीमा से वर्ष 2018 में हुई थी। दोनों के एक पुत्र तेजप्रताप (4) वर्ष है। सोनू के पिता अक्षय पटेल की मौत हो चुकी है। घर में पत्नी सीमा के अलावा मां महराजी देवी और बड़े भाई भानू पटेल अपने परिवार साथ रहते हैं। चर्चा है कि कुछ दिनों पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, तब से सोनू परेशान रहता था। मंगलवार को सुबह सोनू अपनी दुकान पर गया। दोपहर करीब दो बजे सोनू गमछे का फंदा बनाकर पंखे से सहारे लटक गया। कुछ देर बाद आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद अलीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा। प्रभारी निरीक्षक शेषधर पांडेय ने बताया कि सोनू का शव उसकी दुकान में फंदे से लटकता पाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।