पड़ाव। गुरुपूर्णिमा पर आश्रमों और मठों में श्रद्धालुुओं की भीड़ के चलते सोमवार को पड़ाव चौराहे पर दोपहर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था की थी लेकिन सभी इंतजाम विफल साबित हुए। नौ बजे ही चौराहे पर वाहनों की कतार लग गई, पैर रखने तक की जगह नहीं बची। चार घंटे बाद दोपहर एक बजे के जाम से मुक्ति मिली।
पड़ाव चौराहे पर स्थित अवधूत भगवान राम आश्रम में गुरुपूर्णिमा पर मेला लगता है। मेले में 50 हजार से ज्यादा लोग आते हैं। पुलिस ने जाम से निपटने के लिए बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की थी लेकिन जब लोगों का रेला उमड़ा स्थिति संभाल से बाहर हो गई।
पड़ाव चौराहे से वाराणसी जाने वाले मार्ग में बैरिकेडिंग की गई थी लेकिन रामनगर की ओर से सैकड़ों चार पहिया वाहन वाराणसी जाने के लिए पड़ाव पहुंच गए। उनको वापस किया गया। इससे जाम बढ़ता गया और धीरे-धीरे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चारों तरफ से आड़े-तिरछे वाहनों चौराहे पर खड़े हो गए। उनको हटाने में पुलिस को पसीने छूट गए। सुबह नौ बजे से लगा जाम दोपहर एक बजे जाकर समाप्त हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली।