पीडीडीयू नगर। चंदौली में शुक्रवार को सुबह और शाम करीब एक घंटे तक बारिश हुई वहीं पूरे दिन बदली छाई रही। ऐसे में ठंड और गलन बढ़ गई। अधिकतम तापमान 20 डिग्री से घटकर 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शीतलहर से सड़क पर आवाजाही कम ही रही।
सुबह 11 बजे हल्के कोहरे के बीच बारिश शुरू हो गई। कभी तेज तो कभी धीमी बारिश बनी रही। कोहरे और बरसात के कारण तापमान में भी गिरावट आई। खराब मौसम से लोग जरूरी काम से ही घर के बाहर निकले। ऐसे में सड़कों और बाजारों में भीड़ कम ही रही। सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने से सड़कों पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी रही।
उधर, कोहरे और बारिश के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान रहे। कई यात्री ट्रेन के इंतजार में रेलवे स्टेशन के आसपास बारिश से बचने की आड़ के लिए भटकते दिखे। वहीं गेहूं, सब्जी और आलू की खेती करने वाले किसान बेमौसम हो रही बरसात से चिंतित हैं। दिन में अलाव की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें ठंडी हवा का कहर झेलना पड़ा।