फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक करोड़ 75 लाख से चकिया स्थित सिंचाई कॉलोनी व ऑफिस का होगा जीर्णोद्धार

विज्ञापन
चकिया के सिंचाई कॉलोनी कार्यालय व आवासीय भवन। संवाद - फोटो : CHANDAULI
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। चकिया स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय व कॉलोनी की दशा दयनीय हो गई है। इनके जीर्णोद्धार के लिए चंद्रप्रभा प्रखंड की ओर से एक करोड़ 75 लाख रुपये की कार्ययोजना शासन को प्रेषित की गई थी जिसे मंजूरी मिल गई है। धन अवमुक्त होते ही विभाग टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य आरंभ करा देगा। प्रथम पंचवर्षीय योजना के दौरान क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए चकिया में सिंचाई विभाग की ओर से कार्यालय व कर्मचारियों के रहने के लिए आवास बनाए गए थे। इस परिसर में चंद्रप्रभा प्रखंड के प्रथम, द्वितीय, चतुर्थ व पंचम उपखंड के कार्यालय सहित सहायक अभियंताओं के रहने के लिए दो आवास बनाए गए थे। इसके अलावा कुछ आवास तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के रहने के लिए भी बनाए गए थे। तृतीय श्रेणी के आवासों में जिलेदार व नये कर्मचारी रहते थे। इस कार्यालय से चंद्रप्रभा प्रखंड का करीब 80 प्रतिशत कार्य होता है। बावजूद इसके रख-रखाव के अभाव में परिसर में बने कार्यालय व आवास की दशा दयनीय हो गई है। चहारदीवारी भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे परिसर अवांछनीय तत्वों व छुट्टा पशुओं का अड्डा बन गया है। प्राप्त धन से कार्यालय व आवासों व कार्यालय की दीवारों, छत व फर्श की मरम्मत कराई जाएगी। कार्यालय व आवासों में नई खिड़की व दरवाजे लगवाए जाएंगे। कार्यालय में नए फर्नीचर रखे जाएंगे। साथ ही रंग-रोगन करवाया जाएगा। वहीं क्षतिग्रस्त चहारदीवारी की भी मरम्मत व रंग-रोगन होगा। पार्क को भी नया रूप दिया जाएगा। चंद्रप्रभा प्रखंड के अधिशासी अभियंता सर्वेशचंद्र सिन्हा ने बताया कि चकिया स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय, आवास व चहारदीवारी की दशा सुधारने के लिए शासन के पास एक करोड़ 75 लाख रुपये की कार्ययोजना भेजी गई है। शासन से धन अवमुक्त होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें