चंदौली। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के तहत एसपी आकाश पटेल ने कार्रवाई करते हुए विवेचना सेल में तैनात निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य को निलंबित कर दिया है। उन पर विवेचना में अनियमितता करने, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य थाना चंदौली में दर्ज एक प्राथमिकी की विवेचना कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने नामित अभियुक्तों को नियमानुसार नोटिस जारी किए बिना विवेचना को लंबे समय तक लंबित रखा। मामले के निस्तारण में अनावश्यक देरी हुई। इस महत्वपूर्ण प्रकरण की विवेचना को शीघ्र पूरा करने के लिए उच्चाधिकारियों ने समय-समय पर निर्देश दिए थे। फिर भी उसका पालन नहीं किया गया। मामले की जांच एएसपी अनंत चंद्रशेखर से कराई गई, इसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी आकाश पटेल ने निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनके खिलाफ विभागीय जांच भी होगी।