पीडीडीयू नगर। राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने मंगलवार को स्थानीय प्लेटफार्म से एक अंतरराज्यीय असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन पिस्टल बरामद हुई। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ आजमगढ़, सुल्तानपुर और गाजीपुर में हत्या, लूट, गैंगस्टर सहित 15 मुकदमे दर्ज हैं।
जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन और चार के पश्चिमी छोर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से बिहार में बना .32 बोर के तीन पिस्टल बरामद हुए। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम अब्दुल अहद उर्फ वाहिद अंसारी निवासी राहुल चौराहा डिहवा थाना कोतवाली नगर जिला सुल्तानपुर बताया। उसने बताया कि वह बिहार से अनजान व्यक्तियों से देशी मेड पिस्टल खरीदता है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचता है। जीआरपी निरीक्षक ने बताया कि जब तस्कर के आपराधिक इतिहास को खंगाला गया तो पता चला कि इसके खिलाफ गाजीपुर में दो बार हत्या और हत्या का प्रयास, लूट, फिरौती मांगने सहित नौ, सुल्तानपुर में गैंगस्टर एक्ट सहित दो और आजमगढ़ में लूट, गैंगस्टर एक्ट सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं। कहा कि अन्य जनपदों से और अपराधाें की लिस्ट खंगाली जा रही है।