वासंतिक नवरात्र शुरू होने के बाद फलों के दाम आसमान छूने लगे हैं। सेव का भाव सुर्ख हो गया है तो संतरा की कीमतें जर्द हो गई हैं। सेब 140 रुपये किलो बिकने लगा है। केला, संतरा और अंगूर के दाम में 30 से 60 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। फल कारोबारियों ने बताया कि नवरात्र में मांग बढ़ने के कारण फलों के दाम बढ़े हैं। ऐसे में नवरात्र में व्रत रखने वालों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है। 50 रुपये प्रति किलो से कम कीमत में कोई भी फल नहीं बिक रहा है। संतरा 80 रुपये तो अंगूर 70 रुपये किलो बिक रहा है। नवरात्र में केला की खरीदारी अधिक हो रही है। 40 रुपये प्रति दर्जन बिकने वाला केला 80 रुपये तक पहुंच गया है। इन दिनों फलों की आवक कम है जबकि मांग ज्यादा। इसलिए मंडी में भी फल की महंगे बिक रहे हैं।
सीमा गुप्ता ने बताया कि अन्य दुकानों की तरह फलों की दुकानों में भी रेट लिस्ट होनी चाहिए ताकि ग्राहकों को उचित दाम पर फल मिल सके। मुरारपुर निवासी शिवकुमार मौर्य ने बताया कि फलों के साथ पूजा सामग्रियों के दाम भी बढ़े हैं।