गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बाजार तरह-तरह के तिरंगों से पटा हुआ नजर आया। तिरंगा झंडे के अलावा टोपी आदि की खूब धूम रही। मुख्यालय पर जगह-जगह तिरंगे झंडे की अस्थायी दुकानें लगी हुई थी, जहां झंडों की खरीदारी को अच्छी खासी भीड़ नजर आई। वहीं दूसरी ओर पुलिस लाइन कार्यालय में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप देने में विभागीय लोग लगे हुए थे। वहीं स्कूली में छात्र-छात्राएं अवकाश होने के बाद भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पूर्वाभ्यास में लगी हुई थीं। गुरुवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों के अलावा शिक्षण संस्थाओं आदि में झंडारोहण संग विविध कार्यक्रमों का आयोजन है। उक्त राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर नगर में तिरंगे झंडे, बैच, टोपियों के अलावा अन्य चीजों की जमकर बिक्री हुई। 26 जनवरी को प्रात: साढ़े सात बजे छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभातफेरी, आठ बजे सरकार और गैर सरकारी भवनों पर झंडारोहण, दस बजे शिक्षण संस्थाओं पर ध्वजारोहण, जनपद के समस्त शहीद स्मारकों पर सुबह सवा नौ बजे माल्यार्पण एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैन्य विधवाओं का सम्मान होगा। पुलिस लाइन में साढ़े नौ बजे ध्वजारोहण होगा। सुबह दस बजे में विद्यालयों में झण्डा अभिवादन, विचारगोष्ठी व निबन्ध लेखन की प्रतियोगिता कार्यक्रम आयोजित होगी। सुबह 10.15 बजे दौड़ प्रतियोगिता कार्यक्रम राजकीय पालिटेक्निक गेट से प्रारम्भ होगा। सुबह साढ़े दस बजे जिला चिकित्सालय में फल वितरण होगा। पूर्वाह्न 11 बजे नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के मलिन बस्तियों में सफाई की जाएगी। अपराह्न दो बजे एनसीसी स्काउट गाइड, पुलिस जवानों व होमगार्डों का रूट मार्च जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर जीटी रोड से सीधे चलकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा।