पीडीडीयू नगर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित स्वच्छ भारत मिशन की बैठक में डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। कहा कि आवासीय क्षेत्रों में दिन में एक बार और व्यावसायिक क्षेत्रों में दो बार सफाई कराई जाए। इसमें लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में डीएम ने एमआरएफ सेंटरों के बारे में जानकारी मांगी। इस पर अधिकारियों ने बताया कि चकिया को छोड़कर सभी जगहों के एमआरएफ सेंटर क्रियाशील हैं। डीएम ने चकिया के अधिशाषी अधिकारी को जल्द से जल्द कूड़ा निस्तारण केंद्र क्रियाशील कराने और डोर टू डोर कलेक्शन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चंदौली में हाईवे के किनारे सफाई कराने को कहा। एडीएम अभय कुमार पांडेय ने कहा कि सभी वार्डों में समन्वित सफाई कार्यक्रम शुरू कराया जाए। कचरा निस्तारण के साथ झाड़ियों और नालियों की सफाई कराएं। उन्होंने पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाने और कपड़े के थैले इस्तेमाल के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। बैठक में एसडीएम हर्षिता सिंह, प्रभारी ईओ मुगलसराय अविनाश कुमार आदि मौजूद थे।