तहसीलदार सकलडीहा के नेतृत्व में बनी टीम ने मंगलवार को कुछमन व माटीगांव में अवैध गोदामों पर छापेमारी कर लगभग ढाई सौ क्विंटल गेहूं बरामद किया। सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं लेकर किसान आ ही नहीं रहे हैं। व्यापारी गांवों में ही गेहूं खरीदकर उसका भंडारण कर रहे हैं। लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं की काफी कम खरीदारी होने के कारण अधिकारियों ने छापा मारकर गांवों के गोदाम से गेहूं बरामद करना शुरू कर दिया है।
मंगलवार को छापेमारी के दौरान टीम ने क्षेत्र के कुछमन गांव निवासी भरत शाहू के घर से डेढ़ सौ क्विंटल, सागर गुप्ता के घर से 50 क्विंटल व माटी गांव निवासी प्रवीण सिंह के घर से 50 क्विंटल डंप गेहूं बरामद किया। इन पर तहसीलदार ने कार्रवाई करते हुए अर्थदंड के तहत किसानों के क्रय किए गए गेहूं की खतौनी लगाकर सरकारी गोदाम पर विक्रय करने को निर्देशित किया। तहसीलदार विकासधर दुबे ने बताया कि अवैध रूप से किए गए भंडारण के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।