सकलडीहा। स्थानीय पीजी कॉलेज में सोमवार को इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के उप निदेशक डॉ. सरवन पांडेय ने रोजगार परक पाठ्यक्रम खाद्य .पोषण एवं ग्रामीण विकास में डिप्लोमा कोर्स की शुरुआत की। साथ ही छात्रों को कैरियर बनाने के लिए जागरूक किया।
क्षेत्रीय उपनिदेशक ने बताया कि इग्नू की ओर से विभिन्न रोजगार परक पाठ्यक्रम पीजी कॉलेज में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र में शुरू कराए जा रहे हैं। इनमें पर्यटन एवं टूरिज्म में गाइड का डिप्लोमा के अलावा प्रमाण पत्र व अन्य कोर्स के माध्यम से छात्र अपना भविष्य निखार सकते हैं। इसके अलावा इसी सत्र में राजनीति शास्त्र विषय में भी पीजी कोर्स किया जा सकता है। इसके पूर्व उप प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार सिंह व अध्ययन केंद्र समन्वयक प्रो. शमीम राईन ने कोर्सों में प्रवेश की जानकारी दी। बताया कि अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को इग्नू अध्ययन केंद्र में निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय, असिस्टेंट प्रो. डॉ अनिल तिवारी, धर्मेंद्र सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद