पीडीडीयू नगर। किसी भी दुकान से कोई सामान खरीदें तो दुकानदार से पक्की रसीद जरूर लें। तभी सामान खराब मिलने पर इसकी शिकायत की जा सकती है। ये बातें विश्व उपभोक्ता दिवस पर उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति की ओर से निकाली गई जागरूकता रैली में मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल ने कहीं। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विधायक ने कहा कि उपभोक्ताओं के हित के लिए कई कानून बनाए गए हैं लेकिन जागरूकता के अभाव में ठगे जाते हैं। सबको सतर्क रहना चाहिए और खराब उत्पाद की शिकायत करनी चाहिए। संस्था के पूर्वी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के रूप में मनाया जाता है। संस्था के मुख्य संरक्षक रतन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हर किसी को उपभोक्ता कानून के बारे में जानना चाहिए। इस मौके पर जिला चेयरमैन नरेंद्र पाल सिंह, डॉ. अनिल यादव, सतीश जिंदल, रघुवीर सिंह सलूजा, दिनेश शर्मा, अशोक श्रीवास्तव, प्रधान रणजीत सिंह, एआर यादव, केएम मिश्र आदि रहे।