सकलडीहा। माइनरों की दशा सुधारने व उनमें पानी छोड़े जाने की किसान यूनियन की मांग के बाद भी कुछ नहीं हुआ। इससे नाराज किसानों ने शनिवार को कस्बा स्थित कार्यालय में सभा की। किसानों ने कहा कि यदि माइनरों की सफाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
किसानों ने आरोप लगाया कि नरायनपुर पंप कैनाल से निकली मूसाखाड डिविजन की नहरें और माइनर सरपत व जंगली घासफूस से पटी हुई हैं। क्षेत्र में धानापुर राजावाहा से निकली पटपरा, सहरोई, जलालपुर, कोरी, धमिना, चंदौली खुर्द, सकलडीहा राजवाहा, दरियापुर, धरहरा, बसरतिया और त्रिपाठ माइनर का फायदा किसानों को नहीं मिल रहा है। वहीं भुपौली पंप कैनाल से निकली नीचूपुर, बलुआ सराय, बसगांवा, बहेरी माइनर, महुआरी, आलमखातोपुर भी झाड़-झंखाड़ से पटी पड़ी हैं। कहा कि विभागीय अधिकारी सूचना देने के बाद भी समस्या के निस्तारण को लेकर मौन साधे हुए हैं। किसानों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, रामअवतार सिंह, हकीम, छोटू, राधेश्याम शुक्ला, विभूति नारायण, शोभनाथ राय, दशरथ राय, रसीद, धनेश, सजीवन, कपिल रहे।