पीडीडीयू नगर। बिजली चोरी रोकने के लिए तीन लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। विद्युत निगम घरों और प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। इस मीटर की खासियत होगी कि तय लोड से ज्यादा बिजली का उपभोग करने पर अलार्म बजने लगेगा। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद हो जाएगी।
विद्युत निगम ने नगरों और गांवों में स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी कर ली है। निगम के अभियंताओं का दावा है कि स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है। इसके लगने से विद्युत निगम और उपभोक्ताओं दोनों को इसका लाभ मिलेगा। इससे जहां बिजली चोरी पर अंकुश लगेगा, वहीं उपभोक्ता जितने रुपये का रिचार्ज कराएंगे, उतनी वह बिजली जला सकेंगे। इससे मीटर रीडिंग, बिजली बिल जमा करने और वसूली का झंझट खत्म हो जाएगा। जिले के तीनों मुगलसराय, सकलडीहा और चंदौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कस्बों और गांवों में तीन लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
कोट.......
जिले के घरों, प्रतिष्ठानों के अलावा ट्रांसफॉर्मरों और फीडरों को भी स्मार्ट मीटर से लैस किया जाएगा। इसके लिए जल्द सर्वे कराया जाएगा। हालांकि स्मार्ट मीटर लगाने की बाध्यता से किसानो को अभी छूट दी गई है। - मनोज कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम